‘हर घर जल’ से बदली जोगीमारा की तस्वीर, हर घर तक पहुंचा स्वच्छ पेयजल

रायपुर, 07 अप्रैल 2026 / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले का ग्राम जोगीमारा अब “हर घर जल” की सुविधा से पूरी तरह लाभान्वित होकर विकास की नई मिसाल बन गया है।

जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित यह गांव भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में आता है, जहां का एक बड़ा हिस्सा पहाड़ी इलाके में बसा है। पूर्व में यहां के ग्रामीणों को पेयजल के लिए नाला और कुएं जैसे पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को पहाड़ी ढलानों से नीचे उतरकर दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की भारी खपत होती थी।

जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद गांव में संगठित जल आपूर्ति प्रणाली स्थापित की गई है। 10 केएल क्षमता के उच्च स्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) के माध्यम से पूरे गांव में पाइपलाइन बिछाकर 56 क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे अब प्रत्येक घर तक नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंच रहा है, यहां तक कि पहाड़ी क्षेत्रों में बसे घर भी इससे लाभान्वित हो रहे हैं।

इस पहल से गांव में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। अब महिलाओं को पानी लाने के लिए कठिन रास्तों से नहीं गुजरना पड़ता, जिससे उनके समय और श्रम की बचत हो रही है और वे अन्य कार्यों में ध्यान दे पा रही हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और ग्रामीणों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है। वहीं, बच्चों को पानी लाने में समय नहीं देना पड़ता, जिससे उनकी स्कूल उपस्थिति और पढ़ाई पर भी सकारात्मक असर पड़ा है।

ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा योजना का संचालन एवं रखरखाव किया जा रहा है, जिससे जल आपूर्ति प्रणाली सुचारु रूप से चल रही है। सामुदायिक सहभागिता से लोगों में जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना भी विकसित हुई है। आज जोगीमारा गांव “हर घर जल” योजना के सफल क्रियान्वयन का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है, जहां स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता ने ग्रामीणों के जीवन को न केवल आसान बल्कि सुरक्षित भी बना दिया है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज