राजधानी से जनता तक कोरबा |बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना सरपंच पति राय सिंह कंवर ने थाना बालको को दी। सूचना पर थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। घने जंगल और दुर्गम रास्ते होने के कारण मौके तक पहुंचने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मौके पर मृतका की पहचान 20 वर्षीय सपना धनुवार, पिता हरिराम धनुवार, के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही कुसमुंडा थाना में दर्ज कराई गई थी और पिछले करीब 20 दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस को शव के पास से एक संदिग्ध ज़हर की शीशी भी बरामद हुई है। हालांकि, मौत के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है।
Author: Sangam Dubey
छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय होता हुआ राजधानी से जनता तक दैनिक अखबार के साथ न्यूज पोर्टल, यूटयूब चैनल,जो दिन की छोटी बड़ी खबरों को जनमानस के बिच पहुंचाती है और सेवा के लिए तत्पर रहती है dainikrajdhanisejantatak@gmail.com





