पल्स पोलियो अभियान के द्वितीय दिवस घर-घर पहुंचकर बच्चों को पिलाई जा रही पोलियो की खुराक

 

खैरागढ़ // राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के द्वितीय दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की वैक्सीनेटर टीमों द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में घर-घर भ्रमण कर ऐसे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जा रही है, जो अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को किसी कारणवश पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह गए थे। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का कोई भी 0 से 5 वर्ष आयु का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत मॉनिटरिंग के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. मनीष बघेल, बीईटीओ के. पी. साहू, आर. पी. गढ़वाल, डी. एल. सोनी सहित अन्य पर्यवेक्षक विभिन्न क्षेत्रों का सतत भ्रमण कर वैक्सीनेशन दलों के कार्य का निरीक्षण एवं मार्गदर्शन कर रहे हैं। वहीं राज्य स्तर से डॉ. राजा प्रधान तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ असीम खान द्वारा भी फील्ड विजिट कर अभियान की प्रगति, गुणवत्ता एवं कवरेज की मॉनिटरिंग की जा रही है।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने वैक्सीनेटर दलों को प्रत्येक घर तक पहुंचकर पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने, छूटे हुए बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें तत्काल कवर करने तथा अभियान से संबंधित सभी प्रपत्रों का नियमानुसार संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से भी अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की गई। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि आपके घर वैक्सीनेटर दल पहुंचे तो 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे और हम सभी मिलकर पोलियो पर अपनी जीत बरकरार रख सकें।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज