नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में एफसीआरए 2.0 पोर्टल और ई-ओसीआई (भारतीय प्रवासी नागरिक) कार्ड का शुभारंभ किया। इस दौरान गृह सचिव, विदेश सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिक सेवाओं को सरल और पारदर्शी बना रही है। उन्होंने बताया कि एफसीआरए 2.0 पोर्टल के जरिए विदेशी अंशदान से जुड़ी सभी सेवाएं—आवेदन, नवीनीकरण और वार्षिक विवरणी—अब पूरी तरह ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। नई प्रणाली में आधार आधारित प्रमाणीकरण, ई-हस्ताक्षर और रियल-टाइम निगरानी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि देश में करीब 14,500 एफसीआरए पंजीकृत संगठन कार्यरत हैं और हर साल हजारों आवेदनों का निपटारा अब पहले से अधिक तेज और पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा।
उन्होंने ई-ओसीआई कार्ड भी लॉन्च किया, जिससे दुनिया भर के 50 लाख से अधिक ओसीआई कार्डधारकों को लाभ मिलेगा। अब आवेदन से लेकर कार्ड डाउनलोड तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। साथ ही, 20 वर्ष की आयु के बाद नया पासपोर्ट बनने पर ओसीआई पुस्तिका दोबारा बनवाने की जरूरत नहीं होगी, केवल पासपोर्ट का विवरण ऑनलाइन अपडेट करना होगा।
गृह मंत्रालय के अनुसार, दोनों डिजिटल पहलें सुशासन, पारदर्शिता और सुरक्षित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






