दिल्ली से बिहार तक 44 डिग्री तक पहुंचा पारा, अगले सप्ताह मिल सकती है राहत

नईदिल्ली । देश के कई राज्यों में पारा 44 डिग्री तक पहुंचने से गर्मी भीषण होती जा रही है। शुक्रवार को देश में प्रयागराज में सबसे ज्यादा 45.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सोमवार से कुछ राज्यों में मौसम पलटने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लू चलने की संभावना जताई है। दूसरी तरफ, पूर्वोत्तर राज्यों में झमाझम बारिश-अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में आज कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है। दिन में 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान है। स्काईमेट के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण सोमवार से हल्की बारिश हो सकती है। इससे आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे कम होगा। इसी के साथ पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26-30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते कुछ शहरों में दोपहर 12-4 बजे तक मजदूरों के काम पर रोक लगा दी है। प्रदेश के 17 जिलों में वार्म नाइट और 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। मध्य प्रदेश के 11 जिलों में लू का अलर्ट है, वहीं ओडिशा में सोमवार से सभी स्कूल बंद करने की घोषणा की गई है। राजस्थान, बिहार और छत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों तक गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे।
नया चक्रवाती परिसंचरण बनने से उत्तर प्रदेश में 28-30 अप्रैल तक और राजस्थान में 27-29 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ में 26-28 अप्रैल तक, विदर्भ में 28 अप्रैल को और मध्य प्रदेश में 27-28 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवा चलने का अनुमान है। इसके अलावा बिहार में 26-27 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दूसरी तरफ असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ 50-70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी के साथ बारिश होने के आसार हैं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज