विश्व रक्तदाता पर सुकमा की मनीषा शर्मा सम्मानित

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडप में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदेशभर के उत्कृष्ट स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष श्री रमेन डेका ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस जीवनरक्षक अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस सम्मान समारोह में सुकमा जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब जिले की सक्रिय समाजसेवी एवं स्वैच्छिक रक्तदान अभियान की प्रेरक सुश्री मनीषा शर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्यपाल के करकमलों से सम्मानित किया गया।
मनीषा शर्मा लंबे समय से स्वयं नियमित रक्तदान करने के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और विभिन्न रक्तदान शिविरों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उनके निरंतर प्रयासों से जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है तथा बड़ी संख्या में लोग इस जनसेवा अभियान से जुड़ रहे हैं।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि को सुकमा जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सम्मान समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करेगा। प्रशासन ने नागरिकों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील भी की।
यह सम्मान केवल सुकमा की उपलब्धि नहीं, बल्कि महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण भी है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है