पीएम मोदी के फैसलों से विपक्ष का एजेंडा बेनकाब : धनीराम बारसे

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले— युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध, विपक्ष कर रहा राजनीति

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

 

सुकमा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नीट परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ कठोर कदम उठाने की घोषणा और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने को लेकर कांग्रेस एवं ‘इण्डी गठबंधन’ पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रमों ने विपक्ष के “भारत विरोधी एजेंडे” और उसकी राजनीतिक मंशा को उजागर कर दिया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार नीट पेपर लीक जैसे मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट, दोषियों के खिलाफ कड़े दंड, सख्त जमानत प्रावधान तथा दोषी पाए जाने वाले कोचिंग संस्थानों पर कठोर कार्रवाई जैसे प्रावधानों वाला कानून तैयार कर रही है।

बारसे ने कहा कि केंद्र सरकार के सकारात्मक रुख और संवेदनशील पहल के बाद सोनम वांगचुक ने भी सरकार पर भरोसा जताते हुए अपना अनशन समाप्त किया। उनके अनुसार, यह दर्शाता है कि मोदी सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस और ‘इण्डी गठबंधन’ पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष का उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा करना नहीं, बल्कि उनके मुद्दों पर राजनीति कर देश में भ्रम और असंतोष का माहौल बनाना था। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए, तब विपक्ष की राजनीति पूरी तरह उजागर हो गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा जागरूक है और वह समझता है कि कौन उसके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रत्येक छात्र के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा प्रणाली से खिलवाड़ करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है