सुकमा में विकास योजनाओं की गहन समीक्षा, कलेक्टर ने बढ़ाई प्रशासनिक सख्ती

लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश, अधिकारियों को सख्त हिदायत

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। जिले में विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त मांग एवं समस्या से जुड़े आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीमांकन, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन जैसे लंबित राजस्व मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की स्थिति की भी जानकारी ली गई।

प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और सभी लंबित आवासों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिहान और लखपति दीदी योजना के तहत स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड, धान उठाव कार्य और प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। शेष धान उठाव कार्य को तेजी से पूर्ण करने के लिए कृषि विभाग और डीएमओ मार्कफेड को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान, आयुष्मान कार्ड निर्माण, एफआरयू सेवाएं, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण एवं सिकल सेल जांच की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुष्मान कार्ड निर्माण में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पेयजल गुणवत्ता, जल जीवन मिशन, ई-केवाईसी, ई-ऑफिस क्रियान्वयन, सड़क निर्माण, पेंशन प्रकरण, पीएम किसान सम्मान निधि और शिक्षा गुणवत्ता अभियान सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है