प्रशासन की अभिनव पहल: गांव-गांव पहुंच रही साक्षरता और जागरूकता, 450 ग्रामीण हुए लाभान्वित

योजना जत्था और मॉडल साक्षरता कार्यक्रम से ग्रामीणों तक पहुंच रही शिक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

 

सुकमा। जिले में शिक्षा और जनजागरूकता को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में प्रशासन लगातार नवाचार कर रहा है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित मॉडल साक्षरता कार्यक्रम और योजना जत्था अभियान के माध्यम से अब सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा, जागरूकता और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा रही है।

रविवार को सुकमा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मूरतोंडा के पुटुक रास में 105 तथा ग्राम पंचायत झापरा के स्कूल पारा में 120 ग्रामीणों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

इसी कड़ी में शनिवार को छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत पेदारास के पेरमा पारा में 110 तथा ग्राम पंचायत केरातोंग के महिमा पारा में 115 ग्रामीणों की भागीदारी के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुल मिलाकर दो दिनों में लगभग 450 ग्रामीणों तक साक्षरता और शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई।

कार्यक्रम के दौरान केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक सरल भाषा में पहुंचाई गई। ग्रामीणों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में प्रशासन का महत्वपूर्ण कदम बताया।

नुक्कड़ नाटक, संवाद और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से वयस्क साक्षरता के महत्व को रोचक अंदाज में समझाया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि निरक्षरता के कारण लोगों को दैनिक जीवन में कई तरह की कठिनाइयों, आर्थिक ठगी और सामाजिक उपेक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शिक्षा को आत्मनिर्भरता और जागरूक समाज की सबसे मजबूत नींव बताया गया।

ग्रामीणों को साक्षरता अभियान से जुड़ने और अपने परिवार व समुदाय को शिक्षित बनाने का संदेश भी दिया गया। प्रशासन की यह पहल अब गांव-गांव तक जागरूकता और विकास का नया संदेश पहुंचा रही है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज