समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा

 

मानसून तैयारियों को लेकर अलर्ट प्रशासन, सभी तहसीलों में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश

सुशासन तिहार के आवेदनों के शीघ्र निराकरण और हितग्राहीमूलक योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग पर जोर

खैरागढ़,। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।

बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन एवं पूर्व तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को संभावित बाढ़, अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली, जलभराव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी रखी जाए।

कलेक्टर ने जिले की सभी तहसीलों में आपदा नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सूचना प्राप्त हो सके और तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा मानसून पूर्व की गई तैयारियों का विस्तृत प्रतिवेदन अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए तथा निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए।

सुशासन तिहार-2026 की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि जिले में मांग एवं शिकायत संबंधी लगभग 26 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 22 हजार आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा चुकी है तथा शेष आवेदनों की एंट्री शीघ्र पूर्ण की जा रही है। कलेक्टर ने लंबित आवेदनों की प्रविष्टि एवं निराकरण में तेजी लाने तथा गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण, धान उठाव, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, गौधाम योजना, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा जल संरक्षण के लिए संचालित कैच द रेन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर चंद्रवाल ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को निर्धारित अवधि में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu