‘नियद नेल्लानार’ से निकली उम्मीदों की यात्रा, मिसमा और सामसट्टी के बच्चों ने जाना विज्ञान का जादू
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – 10 फरवरी 2026
घने जंगलों और चुनौतियों से घिरे नक्सल प्रभावित अंचलों में जब बच्चों के सपनों को पंख मिलते हैं, तो वह दृश्य किसी चमत्कार से कम नहीं लगता। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, जागरूकता और विकास की नई रोशनी फैल रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल के तहत ‘नियद नेल्लानार’ योजना के माध्यम से माध्यमिक शाला मिसमा और बालक आश्रम सामसट्टी के 40 विद्यार्थियों को सोमवार को एक प्रेरणादायक शैक्षणिक भ्रमण का अवसर मिला।
यह भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि उन नन्हीं आँखों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य के सपनों को जगाने वाला अनुभव बना।
जब किताबों से निकलकर विज्ञान सामने आया

साइंस पार्क पहुँचते ही बच्चों की उत्सुकता देखते ही बनती थी। अब तक जो सिद्धांत उन्होंने किताबों में पढ़े थे, वे पहली बार उनकी आँखों के सामने जीवंत हो उठे। न्यूटन का तीसरा नियम, ऊर्जा का रूपांतरण, प्रतिध्वनि नली से गूंजती ध्वनि, धूपघड़ी से समय का मापन, तैरते पक्षी से संतुलन का रहस्य — हर प्रयोग बच्चों के चेहरे पर आश्चर्य और मुस्कान छोड़ गया। दर्पणों के खेल और पेंडुलम की गति ने विज्ञान को डर नहीं, बल्कि दोस्त बना दिया।
प्रशासन से सीधा संवाद, सपनों को मिली दिशा
भ्रमण के दौरान बच्चे कलेक्टर कार्यालय भी पहुँचे, जहाँ उन्हें शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और विभिन्न पदों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरक शब्द बच्चों के मन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास भर गए।
प्रकृति की गोद में सीख और आनंद
इस प्रेरणादायक यात्रा का समापन तुंगल बांध के शांत और मनोरम वातावरण में हुआ। बच्चों ने यहाँ की समृद्ध जैव विविधता को नजदीक से देखा, जल संरक्षण के महत्व को समझा और नौकायान का भरपूर आनंद लिया। सामूहिक भोज और हँसी-खुशी के पल इस यात्रा को जीवनभर की यादों में बदल गए।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




