सुकमा में लू (हीट स्ट्रोक) से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट, व्यापक दिशा-निर्देश जारी

तेज धूप से बचने, सूती कपड़े पहनने और ओआरएस का नियमित उपयोग करने की सलाह

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा – बढ़ते तापमान और संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए सुकमा जिला प्रशासन ने लू (हीट स्ट्रोक) से बचाव और प्रबंधन के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राज्यस्तरीय मौसम विभाग द्वारा 15 मार्च से जून 2026 तक तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है, जिसके मद्देनज़र जन-स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने पहले से ही आवश्यक तैयारी शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को लू के लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। इनमें सिरदर्द, तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी, शरीर में दर्द और बेहोशी जैसे लक्षण शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की गई है। लोगों को अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर न निकलने, सिर और कान को कपड़े से ढककर रखने, पर्याप्त पानी पीने और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। अस्वस्थ महसूस होने पर 104 आरोग्य सेवा केंद्र से निःशुल्क परामर्श या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करने को कहा गया है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिले के सभी अस्पतालों को लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक अस्पताल में लू के मरीजों के लिए कम से कम दो बिस्तर आरक्षित रखना अनिवार्य किया गया है। ओपीडी में आने वाले प्रत्येक मरीज की लू के लक्षणों की जांच की जाएगी तथा वार्डों में कूलर और ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही दूरदराज से आने वाले मरीजों के लिए रुकने की सुविधा और ओआरएस कॉर्नर भी बनाए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल से लेकर उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक आई.वी. सेट, ओआरएस पैकेट और बुखार की दवाओं जैसे पैरासिटामोल का पर्याप्त स्टॉक रखने के लिए सूची जारी की गई है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों के उपचार को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लू की स्थिति पर निगरानी रखने के लिए जिला और विकासखण्ड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे तथा मोबाइल चिकित्सा दल भी तैनात रहेंगे। 15 मार्च 2026 से लू के मरीजों की दैनिक जानकारी आईएचआईपी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा। साथ ही मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें, ताकि लू से होने वाले संभावित खतरे से समय रहते बचाव किया जा सके।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज