बैज नारी शक्ति के भावनात्मक पहलुओं से दूर : केदार कश्यप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने नारी वंदन अधिनियम का विरोध कर मातृ शक्ति की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने लोकसभा में इस विधेयक का समर्थन किया होता तो आज स्थिति अलग होती, लेकिन अब कांग्रेस नेतृत्व इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। कश्यप ने विशेष सत्र को लेकर बैज के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि राज्य सरकार विधानसभा में महिलाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर उनके संरक्षण के लिए संकल्प लेगी। उन्होंने कहा कि सरकार मातृ शक्ति के सम्मान और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित कराने का संकल्प मजबूत है और यह लक्ष्य अवश्य पूरा होगा। कश्यप ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का महिलाओं के व्यापक हितों से कोई वास्तविक जुड़ाव नहीं है। कश्यप ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के लिए नारी वंदन का अर्थ केवल सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तक सीमित है, जबकि देश की आम महिलाओं के मुद्दों पर पार्टी गंभीर नहीं रही है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है