मेलाराम कश्यप संवाददाता
रिगनी / खरौद वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में 5 मई को खरौद स्थित लक्ष्मणेश्वर मंदिर के सामने रात्रि 9 बजे से ‘छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रदेश के ख्यातिलब्ध कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे इस कवि सम्मेलन में राजनांदगांव के हास्य कवि पद्मलोचन शर्मा ‘मुंहफट’, बेमेतरा के हास्य कवि रामानंद त्रिपाठी, कोरबा की श्रृंगार कवियित्री श्रीमती संतोषी ‘श्रद्धा’, साजा के ओज कवि ईश्वर साहू ‘आरुग’, बालोद के हास्य कवि कैलाश कुंवारा तथा जांजगीर (खोखरा) के कवि-गीतकार अनुभव तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन बिलाईगढ़ के हास्य-व्यंग्य-गीत कवि शशिभूषण सनेही करेंगे।
कवि सम्मेलन से पहले शाम 7 बजे से भक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन समिति के संयोजक राजकुमार साहू ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छत्तीसगढ़ी काव्य का आनंद लेने की अपील की है। कार्यक्रम को सफल बनाने में खरौद नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों के साथ ही महामाया अध्यात्म सेवा समिति, इंदलदेव सेवा समिति, नारी शक्ति संगठन एवं युवा जागरण समिति का विशेष सहयोग रहेगा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




