रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने कोरोना महामारी के कठिन दौर में हजारों छोटे व्यवसायियों को संबल दिया। राजधानी रायपुर के ब्रह्मदेईपारा, खमतराई निवासी फल व्यवसायी सोहन लाल साहू इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आए हैं। योजना के तहत मिले ऋण ने न केवल उनके व्यवसाय को संभाला, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाया।सोहन लाल साहू ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में उनका फल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो गया था। आय के साधन सीमित होने से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया था और दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया था। ऐसे समय में रायपुर नगर पालिक निगम के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया।
योजना के प्रथम चरण में उन्हें 10 हजार रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने व्यवसाय को फिर से पटरी पर लाने में किया। समय पर ऋण की अदायगी करने पर उन्हें योजना के दूसरे चरण का लाभ भी मिला। प्राप्त राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए एक अतिरिक्त ठेला खरीदा।आज सोहन लाल साहू दो ठेलों के माध्यम से फल व्यवसाय संचालित कर रहे हैं और लगातार आर्थिक प्रगति कर रहे हैं। उनका कहना है कि योजना से मिली सहायता ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और व्यवसाय को नई दिशा दी। सोहन लाल साहू अब योजना के अगले चरण के तहत 50 हजार रुपए का ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय को और विस्तार देने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और रायपुर नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने संकट के समय उनके परिवार को नई उम्मीद और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




