तेंदूपत्ता खरीदी में पारदर्शिता पर कलेक्टर सख्त, मेहता–फायदागुड़ा केंद्रों का औचक निरीक्षण

हितग्राहियों से सीधे संवाद, भुगतान और गुणवत्ता पर ली विस्तृत जानकारी

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। जिले में तेंदूपत्ता खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और हितग्राही-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार ने शुक्रवार को मेहता एवं फायदागुड़ा स्थित तेंदूपत्ता खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों का मिलान कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद वन अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तय लक्ष्य के अनुरूप खरीदी कार्य समयबद्ध और सुचारू रूप से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख साधन है, ऐसे में किसी भी हितग्राही को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने ग्रामीणों और संग्रहणकर्ताओं से सीधे संवाद कर तेंदूपत्ता तोड़ाई, सुखाने और विक्रय की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने भुगतान व्यवस्था, पत्तों की गुणवत्ता और बिक्री प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की। फड़ मुंशी से प्रतिदिन की तोड़ाई का समय, पत्ता गिनती की प्रक्रिया, हितग्राहियों की उपस्थिति और बारिश से संभावित नुकसान की स्थिति पर भी जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से तेंदूपत्ता प्रभावित होने की स्थिति में बेहतर सुखाने और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संग्रहणकर्ताओं को किसी प्रकार का नुकसान न हो।
निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर कलेक्टर ने संतोष जताया, लेकिन साथ ही यह भी दोहराया कि खरीदी कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता और हितग्राही हित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम श्री सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ श्री सुमित ध्रुव सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज