राजधानी से जनता तक कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बदमाशों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। पुलिस ने अब तक कुल 49 हिस्ट्रीशीट खोलकर चिन्हित अपराधियों की कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।
इन हिस्ट्रीशीट में 17 गुंडा बदमाश, 31 निगरानी बदमाश और 1 गैंग (डीजल चोरी से संबंधित) शामिल है। पुलिस द्वारा इन सभी पर विशेष नजर रखी जा रही है और प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर की जिम्मेदारी अलग-अलग पुलिस कर्मियों को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में जेल जा चुके और दो या उससे अधिक आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों का डाटा विश्लेषण कर उन्हें सूची में शामिल किया गया है। निगरानी बदमाशों में चोरी, लूट, डकैती जैसे अपराधों में शामिल आरोपी हैं, जबकि गुंडा बदमाश श्रेणी में मारपीट और गंभीर हमले जैसे मामलों के आरोपी रखे गए हैं।
अब तक 37 प्रकरणों में अभिलेख पूर्ण कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। वहीं समीक्षा के दौरान 5 मृत हिस्ट्रीशीटरों के नाम सूची से हटाए गए और 5 आरोपियों को सुधार के आधार पर निगरानी से मुक्त किया गया है।
पुलिस ने माह के अंत तक 86 हिस्ट्रीशीट खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिस पर तेजी से काम किया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




