भण्डारपुरी धाम में सुशासन तिहार का भव्य समापन, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनी आमजन की समस्याएं
राजधानी से जनता तक/भण्डारपुरी-आरंग/रायपुर। प्रदेश सरकार द्वारा 01 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के अंतिम दिवस भण्डारपुरी धाम स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में विशाल जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों एवं नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, मांगें एवं आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरण, किट, सामग्री एवं अन्य लाभों का वितरण भी किया। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत सभापति गुरु सौरभ साहेब, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भण्डारपुरी धाम सतनामी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की पावन कर्मस्थली के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे पवित्र स्थल पर आयोजित सुशासन तिहार का समापन समारोह जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला साबित हुआ।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




