रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत नगर निगम जोन 3 स्वास्थ्य विभाग ने शंकर नगर वार्ड क्रमांक 30 में स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। वार्ड पार्षद राजेश गुप्ता के नेतृत्व में निकली इस रैली में स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और निगम अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
रैली की खास बात यह रही कि लोकप्रिय टीवी कॉमिक्स पात्र मोटू और पांडा का अभिनय कर रहे कलाकारों ने लोगों को आकर्षित करते हुए स्वच्छता का सकारात्मक संदेश दिया। इसके जरिए आम नागरिकों को साफ-सफाई के महत्व को सरल और मनोरंजक तरीके से समझाया गया।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि सफाई वाहन में ही सौंपें। साथ ही “स्वच्छता के 4 धुरंधर” पहल के तहत 4 डिब्बा प्रणाली अपनाने पर जोर दिया गया, जिसमें गीला, सूखा, सेनेटरी और विशेष कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खुले में कचरा फेंकने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ शहर बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




