राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण, ग्राम टेमरी के समग्र विकास पर दिया बल

राजधानी से जनता तक टोपू चंद गोयल

बेमेतरा  छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका आज दो दिवसीय दौरे पर बेमेतरा पहुँचे। उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत मोलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।
राज्यपाल श्री डेका ने सर्किट हाउस स्थित सभाकक्ष में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नवागढ़ विकासखंड के गोद लिए ग्राम टेमरी में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, उद्यानिकी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की।
राज्यपाल ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल देते हुए कहा कि टेमरी गांव में जैविक भिण्डी की खेती की संभावनाएँ बेहतर हैं। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने बाड़ी में जैविक भिण्डी का उत्पादन करें। उद्यानिकी अधिकारी द्वारा यह बताया गया कि ग्राम टेमरी का वातावरण भिण्डी उत्पादन के लिए उपयुक्त है।
उन्होंने कहा कि गोद लिए गए ग्राम के प्रत्येक व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया कि ग्राम विकास की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा मिशन मोड में कार्य कर ग्राम को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाए।
बैठक के दौरान राज्यपाल को गांव में तीन तपेदिक (टी.बी.) रोगियों की जानकारी दी गई, जिस पर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से छह माह की दवा हेतु आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित हितग्राहियों के बैंक खाता विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, श्री डेका ने आठ मेधावी विद्यार्थियों को उनके परिवार सहित श्रेष्ठ रेस्टोरेंट में भोजन हेतु 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की तथा उनके बैंक खातों की जानकारी लेने को कहा।
राज्यपाल ने श्रीराम बुनकर सहकारी समिति देवरबीजा के सदस्यों से भेंट की और उनकी भवन मरम्मत व अन्य समस्याओं के समाधान हेतु कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता–2025 में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन पर कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने राज्यपाल महोदय को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज