सुकमा के विकास को मिली नई दिशा, सांसद महेश कश्यप की मौजूदगी में डीएमएफ शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
डीएमएफ राशि के जनहितकारी उपयोग और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। जिले के विकास को गति देने और खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) की राशि का अधिकतम जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप तथा कलेक्टर एवं डीएमएफ अध्यक्ष श्री अमित कुमार ने की। बैठक में चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंगम्मा सोयम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले सहित शासी परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं डीएमएफ सदस्य सचिव श्री मुकुन्द ठाकुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल कल्याण, स्वच्छता तथा अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में स्वीकृत, पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि डीएमएफ की राशि का उपयोग शासन की गाइडलाइन के अनुरूप स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास तथा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने पूर्व में स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा सभी निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के समन्वय से विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं ताकि खनिज न्यास की राशि का अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से जिले के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बताया कि जिले में विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए डीएमएफ निधि का नियमानुसार उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए आवश्यक योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के जिला खनिज संस्थान न्यास के वार्षिक प्रतिवेदन एवं वार्षिक कार्ययोजना को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया, जिसे शासी परिषद ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। सांसद श्री महेश कश्यप ने परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए जनहित में बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
जनकल्याण और विकास को मिलेगा नया बल
डीएमएफ शासी परिषद की इस बैठक को जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सर्वसम्मति से पारित कार्ययोजना आने वाले समय में सुकमा के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है