सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के अनुभवों का मिलेगा लाभ, रायपुर कमिश्नरेट ने किया सम्मेलन

रायपुर। सामुदायिक पुलिसिंग और जनसहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिस ट्रांजिट मेस में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में 125 से अधिक सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए तथा अपने अनुभव साझा किए। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारियों ने अपने जीवन के लगभग 40 वर्ष विभाग और समाज की सेवा में समर्पित किए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और सामाजिक समझ समाज के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार, नशा उन्मूलन, सामाजिक जागरूकता, युवाओं को मार्गदर्शन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे विषयों में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।सम्मेलन में शामिल सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी विभाग और समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान बताया गया कि निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक रिटायर्ड वेलफेयर यूनियन के अंतर्गत लगभग 110 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों का पंजीयन किया जा चुका है। यूनियन द्वारा समय-समय पर बैठकें भी आयोजित की जाती रही हैं।

सम्मेलन में उपस्थित सदस्यों ने समाज में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने का भरोसा दिलाया। पुलिस कमिश्नरेट ने इसे पुलिस परिवार और समाज के बीच विश्वास तथा सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।कार्यक्रम में इस माह विभाग से सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारी-कर्मचारियों सहित उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। उनके दीर्घकालिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त निलेश द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है