रायपुर। राष्ट्रीय आम महोत्सव के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी विभाग एवं प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में चलाए गए “11 गुठलियां लाओ, 1 आम पाओ” अभियान को आमजन का भरपूर सहयोग मिला। अभियान के तहत लगभग 14 हजार आम की गुठलियों का संग्रह किया गया, जिनसे प्रदेश के 10 जिलों में नर्सरियां तैयार की जाएंगी। महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को कृषकों और उद्यमियों की सफलता की कहानियों पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बताया गया कि एकत्रित गुठलियों से पौधे तैयार कर संबंधित जिलों की 10 ग्राम पंचायतों में उनका रोपण और संरक्षण किया जाएगा। प्रकृति की ओर सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी ने बताया कि गुठलियों का संग्रह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर संग्रह केंद्र बनाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पर्यावरणीय अभियान से जुड़ सकें। महोत्सव में आयोजित मैंगो फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रतियोगिता में यश यादव ने प्रथम, शिवानी पत्रवानी ने द्वितीय तथा शिवम दीक्षित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का निर्णायक दायित्व शिक्षिका एवं समाजसेविका संगीता ठाकुर ने निभाया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल आश्रम के लगभग 70 बच्चों के साथ सहभागिता की। उन्होंने बच्चों को आम महोत्सव के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी के विषय में जानकारी दी। डॉ. शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनजागरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया। इस अवसर पर महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाली विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संस्थाओं का सम्मान किया गया। वहीं बेमेतरा से आए पर्यावरण प्रेमी संगठन के संस्थापक विद्या भूषण दुबे एवं उनकी टीम को आम के पौधों की नर्सरी तैयार करने के लिए 1,000 गुठलियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अनुसंधान केंद्र के संचालक डॉ. विवेक त्रिपाठी, प्रकृति की ओर सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्वेता एंकर ने किया। इस दौरान डॉ. अनिल चौहान, निर्भय धाडीवाल, लक्ष्मी यादव, सर्वत्र सेठी, मनीषा त्रिवेदी, शिल्पी नागपुरे, राम खटवानी, डी.के. तिवारी, दलजीत बग्गा एवं एस.के. टांग सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




